अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका-ईरान समझौता पूरा हो चुका है और इस पर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के जेनेवा में औपचारिक हस्ताक्षर होंगे। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी डेलिगेशन की अगुआई उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रम्प, जेडी वेंस और ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ डिजिटल रूप से समझौते पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। हालांकि, समझौते का पूरा मसौदा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। ट्रम्प ने कहा कि दस्तावेज शुक्रवार के बाद जारी किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दोनों देशों के बीच 14 पॉइंट वाला एक शुरुआती मसौदा तैयार हुआ है, जिस पर आगे तकनीकी स्तर की बातचीत होगी। वहीं कुछ रिपोर्टों के मुताबिक ईरान को आर्थिक सहायता के लिए करीब 28 लाख करोड़ रुपए का पैकेज मिल सकता है, हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत का नया दौर शुक्रवार से स्विट्जरलैंड में शुरू होगा। अराघची ने कहा कि अगर इजराइल लेबनान पर दोबारा हमला करता है या वहां के किसी इलाके पर कब्जा बनाए रखता है, तो ईरान इसे हालिया समझौते (MoU) का उल्लंघन मानेगा।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि इस समझौते में एक तरफ अमेरिका और इजराइल हैं, जबकि दूसरी तरफ ईरान और हिजबुल्लाह हैं। उन्होंने कहा कि केवल लड़ाई रुक जाना काफी नहीं है। युद्ध तभी पूरी तरह खत्म माना जाएगा जब इजराइली सेना उन इलाकों से भी हटेगी, जिन पर उसने इस युद्ध के दौरान कब्जा किया है।