रविवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने फिर से विरोध प्रदर्शन किया। इस बार उनके साथ साउथ स्टार प्रकाश राज शामिल हुए। एक्टर ने लोगों से बात की और भीड़ में उनके साथ नारे भी लगाए।
मूसलाधार बारिश के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह आंदोलन कथित नीट घोटाले के विरोध में आयोजित किया गया है और शिक्षा मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) सोशल मीडिया मंचों के जरिए समर्थन जुटा रही है और इससे पहले नयी दिल्ली में भी इसी तरह का प्रदर्शन कर चुकी है।
रविवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले बड़ी संख्या में युवाओं ने भारी बारिश के बावजूद विरोध प्रदर्शन किया। CJP देश भर में प्रदर्शन कर रही है और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। एक्टर प्रकाश राज भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और उन्होंने लोगों की भीड़ से बात की।
‘कॉकरोच इज बैक’ के आधिकारिक X अकाउंट से शेयर किए गए एक वीडियो में प्रकाश राज, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक और CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके के साथ खड़े दिखे। उन्होंने कहा, ‘चुने हुए नेताओं को अपना काम करना चाहिए! आपने समीकरण क्यों बदल दिया है? आप राजनीति कर रहे हैं, जबकि आपको अपना काम करना चाहिए। नहीं! देश के युवाओं ने अपनी लड़ाई खुद लड़ने का फैसला किया है। देश का युवा दलित है। अंकल और आंटी, आप रिटायरमेंट की उम्र के बाद भी इस देश पर राज कर रहे हैं। चले जाइए। हम युवा अपने भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। ये युवा अपने सपनों के लिए लड़ रहे हैं।’
कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), जो सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म के जरिए लोगों का समर्थन जुटा रही है और इसने पहले नई दिल्ली में ऐसा ही विरोध प्रदर्शन किया था। पार्टी ने कहा कि कथित NEET प्रश्न पत्र लीक केंद्र सरकार की विफलता को दिखाता है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रकाश राज बोले- अपनी आवाज बुलंद करो
प्रकाश राज ने X पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘मैं बेंगलुरु जा रहा हूं… इस जरूरी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए… कृपया हमारी आवाज बुलंद करने और सरकार को उसकी विफलता के लिए जवाबदेह ठहराने के लिए हमारे साथ जुड़ें।’
प्रकाश राज क्यों नहीं पहुंचे जंतर-मंतर?
इससे पहले उन्होंने एक X यूजर को जवाब दिया था, जिसने कहा था कि वह दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाए। जवाब में उन्होंने कहा, ‘वहां पहुंचने और अपना समर्थन दिखाने की पूरी कोशिश की… लेकिन पहले से तय काम की वजह से नहीं आ पाया… हमेशा आंदोलन के साथ हूं। मुझे बहुत खुशी है कि कॉकरोचों ने कमाल कर दिया। वहां मौजूद रहने के लिए प्यारे वांगचुक का शुक्रिया… हमारी शिक्षा प्रणाली के भविष्य की बात हो, तो आपसे बेहतर कौन हो सकता है।’