Awaaz India Tv

राजपाल यादव चेक बाउंस केस:जमानत याचिका पर आज सुनवाई, पत्नी ने आर्थिक सहायता देने वालों का जताया आभार, सलमान-अजय ने की मदद

राजपाल यादव चेक बाउंस केस:जमानत याचिका पर आज सुनवाई, पत्नी ने आर्थिक सहायता देने वालों का जताया आभार, सलमान-अजय ने की मदद

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद जेल में सरेंडर किया था। आज उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होगी।

राजपाल यादव इन दिनों न सिर्फ सरेंडर करने के बाद तिहाड़ जेल में बंद हैं, बल्कि वह आर्थिक तंगी का सामना भी कर रहे हैं और उनके पास इतनी बड़ी रकम लौटाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। ऐसे में सलमान खान, सोनू सूद, अजय देवगन और मीका सिंह समेत कई बॉलीवुड सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। अब राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने सभी का आभार जताया। न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में राधा ने कहा, सबने उनका साथ दिया है। इंडस्ट्री ने बहुत सपोर्ट किया है। जो भी लोग आगे आकर मदद कर रहे हैं, उन सबको बहुत-बहुत धन्यवाद।

सलमान, अजय और मीका सिंह ने की मदद

द स्क्रीन से बातचीत में राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने कहा था, बुधवार को सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और डेविड धवन जैसे कई सेलेब्स ने उनसे संपर्क कर आर्थिक सहायता दी। रतन नैन, वरुण धवन समेत इस बार बहुत लोग आगे आए हैं। राजपाल ने इसके लिए आभार जताया है।जब गोल्डी से पूछा गया कि क्या राजपाल ने तिहाड़ में सरेंडर से पहले मदद मांगी थी, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा, मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहूंगा। हालांकि, उन्होंने कहा, अच्छी बात यह है कि स्थिति बिगड़ने के बाद इंडस्ट्री मजबूती से उनके साथ खड़ी है। सबने कमिटमेंट किए हैं, लेकिन ऐसे लेन-देन तुरंत नहीं होते। सिंगर मीका सिंह ने भी राजपाल यादव को 11 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, सिर्फ पोस्ट डालने से कुछ नहीं होगा बल्कि आगे आकर एक्टर की मदद करो।

फिल्म फेडरेशन ने प्रोड्यूसर्स से की मदद की अपील

FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉय्ज) ने बुधवार को सभी प्रोड्यूसर से अपील की थी कि वो जल्द से जल्द राजपाल यादव की मदद करें। फेडरेशन की ओर से जारी प्रेस रिलीज में लिखा गया है, राजपाल यादव सिर्फ ऐसे प्रसिद्ध अभिनेता ही नहीं हैं जिन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा से लाखों लोगों को खुशी और हंसी दी है, बल्कि वे इंडस्ट्री के एक समर्पित सदस्य भी हैं, जिन्होंने दशकों की मेहनत और यादगार भूमिकाओं के जरिए भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। श्री राजपाल यादव इस समय गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जिनमें बढ़ती देनदारियां और कारावास भी शामिल हैं। यह स्थिति उनके चरित्र या ईमानदारी को नहीं दर्शाती, बल्कि उन हालात का परिणाम है जो नियंत्रण से बाहर हो गए।

‘इस निर्णायक घड़ी में FWICE का मानना है कि यह समय है जब फिल्म इंडस्ट्री अपने एक साथी के प्रति एकजुटता, करुणा और सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दे। आर्थिक संकट किसी को भी प्रभावित कर सकता है, चाहे उसका कद या सफलता कुछ भी हो। एक बिरादरी के रूप में हमारी पहचान इस बात से तय होती है कि हम जरूरत के समय अपने सहयोगियों के साथ कैसे खड़े होते हैं।’

गुरमीत चौधरी ने भी की अपील

एक्टर गुरमीत चौधरी ने राजपाल यादव का समर्थन कर लिखा,
मुझे यह देखकर बहुत दुख होता है कि इतने सीनियर और बेहद प्रतिभाशाली कलाकार राजपाल यादव इस मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने हमें अनगिनत मुस्कानें, हंसी और यादगार पल दिए हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है।

क्यों जेल में बंद हैं राजपाल यादव?

साल 2010 में राजपाल यादव ने फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए प्राइवेट कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। ये फिल्म फ्लॉप रही और राजपाल यादव को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। राजपाल यादव समय रहते कर्ज की रकम नहीं लौटा सके। लोन लेते समय राजपाल यादव ने जो चेक कंपनी को दिए थे वो बाउंस हो गए, जिसके बाद एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। दोनों पार्टी के बीच समझौते के बावजूद पूरी पेमेंट नहीं हुई और समय के साथ ब्याज जुड़ता गया, जिससे कुल कर्ज काफी बढ़ गया।

साल 2018 में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने राजपाल यादव को दोषी ठहराया और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई। इसके बाद उन्होंने उच्च अदालत में अपील की, जहां उन्हें कई बार राहत मिली, क्योंकि उन्होंने भुगतान और समझौते का भरोसा दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *