नई दिल्ली: भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए गए हैं। इन सभी वीर जवानों के नाम नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में दर्ज किए गए हैं। इनमें भारतीय सेना के पांच और भारतीय वायुसेना के एक जवान शामिल हैं।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की 3D वॉल पर वर्ष 2025 के खंड में भी इन शहीदों के नाम अंकित किए गए हैं। स्मारक के त्याग चक्र में बनी 16 ग्रेनाइट की दीवारों पर आजादी के बाद देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले प्रत्येक सैनिक का नाम, रैंक और यूनिट दर्ज है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुआ था ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी। इसके जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने 6-7 मई की रात पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत सटीक सैन्य कार्रवाई की।
इस अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत सरकार के अनुसार, इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए।
इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच लगभग चार दिनों तक सैन्य तनाव और हवाई संघर्ष की स्थिति बनी रही। अंततः 10 मई को दोनों देशों के डीजीएमओ (DGMO) के बीच हुई बातचीत के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।
दो शहीदों को मिला वीरता सम्मान
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए छह जवानों में से राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र, जबकि सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को उनकी बहादुरी के लिए मरणोपरांत वायु सेना मेडल से सम्मानित किया गया।