राजस्थान विधानसभा में कार्यवाही के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम के बोतल से पानी पीने के चलते स्पीकर फूल सिंह मीणा ने उनकी फटकार लगा दी. सदन संचालित कर रहे सभापति फूल सिंह मीणा ने कहा कि राजस्थान विधानसभा प्रक्रिया एवं कार्य नियमों के विरुद्ध इस तरीके से सदन में पानी पीना अनुचित है. यदि पानी पीना अति आवश्यक हो तो सभापति से अनुमति लेकर ही पी सकते हैं.
जयुपर: राजस्थान विधानसभा में सदन के अंदर विधायक के पानी पीने पर स्पीकर नाराज हो गए. स्पीकर को इतना ज्यादा गुस्सा आया कि उन्होंने फटकार तक लगा दी. दरअसल, विधानसभा की कार्यवाही चल रही थी, स्पीकर वासुदेव देवनानी की अनुपस्थिति में फूल सिंह मीणा सदन का संचालन कर रहे थे. इसी दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम अपने साथ छोटी पानी की बोतल लेकर सदन में पहुंचे. कार्यवाही के बीच उन्होंने पानी पिया, जिस पर कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई. मामला सभापति तक पहुंचा तो उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया.
सभापति फूल सिंह मीणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्थान विधानसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमों के तहत इस प्रकार सदन में पानी पीना नियमों के अनुरूप नहीं है. उन्होंने कहा, ‘यदि किसी सदस्य को पानी पीना अत्यंत आवश्यक हो तो पहले सभापति से अनुमति लेना अनिवार्य है.’
सभापति ने यह भी दोहराया कि सदन की गरिमा और नियमों का पालन हर सदस्य की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी. . इस घटनाक्रम के बाद कुछ देर तक सदन में हलचल बनी रही. हालांकि बाद में कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ी, लेकिन पानी की छोटी बोतल को लेकर शुरू हुआ यह मामला दिनभर चर्चा में बना रहा.


