पाकिस्तान ने कहा है कि वह भारत के साथ टी-20 विश्व कप में अपने मैच नहीं खेलेगा. पाक के इस फैसले से सिर्फ विज्ञापन कंपनियों को ही सैकड़ों करोड़ का नुकसान उठाना पड़ सकता है.
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार ने फैसला किया है कि वे अपनी क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप में उतारेंगे जरूर, लेकिन 15 फरवरी को भारत के साथ होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेंगे. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हाई वोल्टेज वाला होता है. वह भी अगर विश्व कप में हो तो यह मैच दुनिया में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच बन जाता है. अब अगर किसी मैच को एक साथ इतने करोड़ लोग देख रहे हैं तो जाहिर है कि उसमें दिखाए जाने वाले विज्ञापनों की कीमत भी काफी ज्यादा होगी. सोचिये अगर टी-20 विश्व कप में भारत-पाक मैच नहीं होता है तो विज्ञापन कंपनियों को कितने रुपये का नुकसान होगा?
भारत-पाक के बीच होने वाले मैच से जियोहॉटस्टार जैसे ब्रॉडकास्टर्स, आईसीसी और मैच के स्पांसर्स को भी भारी मुनाफा होता है. ये मैच इन सभी के लिए मोटी कमाई का जरिया बन जाते हैं, लेकिन आखिरी वक्त पर पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने से इनकार के इन सभी को तगड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है. आइये समझते हैं कि ऐसे मैच में विज्ञापन की दरें कितनी होती हैं और एक मैच में कुल कितने रुपये का नुकसान पाकिस्तान की जिद की वजह से होगा.
लीगल बेटिंग के अनुसार भारत-पाकिस्तान T20 मुकाबले की कीमत कम से कम USD 500 मिलियन (≈ ₹45,00 करोड़) आंकी जा रही है” जब ब्रॉडकास्ट राइट्स, एडवरटाइजिंग प्रीमियम, स्पॉन्सरशिप एक्टिवेशन, टिकटिंग और लीगल बेटिंग जैसी डाउनस्ट्रीम कमर्शियल एक्टिविटी और बाकी सभी चीज़ों को एक साथ मिलाया जाता है, तो भारत-पाकिस्तान T20 मुकाबले की कीमत कम से कम USD 500 मिलियन (≈ ₹45,00 करोड़) आंकी जाती है. ज़ाहिर तौर पर ICC को भी इसका नुकसान होगा क्योंकि ब्रॉडकास्टर रिबेट मांगेगा. फैंस को टिकट के पैसे का नुकसान भी होगा.
विज्ञापन के रेट आसमान पर
आमतौर पर भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी के इवेंट में विज्ञापन का रेट 25 से 40 लाख रुपये प्रति 10 सेकंड रहता है, लेकिन विश्व कप जैसे आयोजनों को देखते हुए इसकी कीमत 50 से 60 लाख रुपये प्रति 10 सेकंड तक जा सकती है. साल 2024 के टी-20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मैच के लिए 10 सेकंड के विज्ञापन 40 लाख रुपये वसूले गए थे. इस लिहाज से देखा जाए तो टी-20 विश्व कप 2026 के लिए यह कीमत और भी ज्यादा बढ़ सकती है.
विश्व कप मे कितनी होगी विज्ञापन की दर
वैसे तो इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया जाता है, लेकिन बाजार से जुड़े एक्सपर्ट का मानना है कि विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होता तो विज्ञापन की दर 40 से 60 लाख रुपये प्रति 10 सेकंड होती. हालांकि, टीवी, ओटीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इन विज्ञापनों की दरें अलग-अलग हो सकती हैं. मैच की लोकप्रियता के हिसाब से इस पर 2 से 4 गुना तक प्रीमियत मिलता है. इसका मतलब है कि विज्ञापन कंपनियों को इन मैच से मोटी कमाई की पूरी गारंटी होती है
सिर्फ विज्ञापन से कितना होगा नुकसान
जैसा कि पाकिस्तान ने ऐलान कर दिया है कि वह विश्व कप 2026 में भारत के साथ 15 फरवरी को अपने मैच का बायकॉट करेगा. जाहिर है कि इस मैच के रद्द होने से विज्ञापन रेवेन्यू पर भारी असर पड़ेगा. एक अनुमान के मुताबिक, दोनों के बीच मैच नहीं होने से सिर्फ विज्ञापन से कमाई को ही करीब 300 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. सबसे ज्यादा असर मैच के ब्रॉडकास्टर जियोस्टार को होगा, जिसे मैच न होने से 200 से 250 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है.


