सीबीआई ने शुक्रवार को त्विषा शर्मा मौत मामले में उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को भोपाल की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया. अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया.
अदालत ने जांच एजेंसी की उस दलील को स्वीकार किया जिसमें कहा गया था कि मामले की कई कड़ियों की जांच अभी बाकी है और अभियुक्तों को एक साथ बैठाकर पूछताछ की ज़रूरत है.
इसके पहले त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को 23 मई को गिरफ़्तार कर पुलिस रिमांड पर भेजा गया था. बाद में मध्य प्रदेश सरकार के मामला सीबीआई को सौंपे जाने के बाद उन्हें केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में दिया गया.
शुक्रवार को भोपाल में जस्टिस शोभना भलावे की अदालत ने उनकी सीबीआई रिमांड पांच दिन के लिए और बढ़ा दी. इसी आदेश के तहत गिरिबाला सिंह को भी पांच दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया है.
उन्होंने आगे कहा कि, “सीबीआई ने अदालत को बताया कि मामले में सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका है, दोनों आरोपी प्रभावशाली हैं और घटना से जुड़े कई पहलुओं की जांच शुरू से की जानी है.”
ज्ञात हो कि त्विषा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. 12 मई 2026 को त्विषा शर्मा शहर के कटारा हिल्स इलाके में स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गईं। इसके बाद उनके परिवार ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने के आरोप लगाए। त्विषा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही त्विषा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.