Home » जीएमसी नागपुर के डीन डॉ. राज गजनभिये पर जांच की तलवार, विधानसभा में मंत्री का बड़ा बयान

जीएमसी नागपुर के डीन डॉ. राज गजनभिये पर जांच की तलवार, विधानसभा में मंत्री का बड़ा बयान

by Admin
0 comments 15 views

मुश्रीफ ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की ठोस शिकायत या विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी सामने आती है, तो उसकी भी गंभीरता से जांच कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

नागपुर: शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी) नागपुर के अधिष्ठाता डॉ. राज गजनभिये के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जाएगी। राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने विधानसभा में यह जानकारी देते हुए कहा कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और एक माह के भीतर जांच प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।

यह मामला भाजपा विधायक मोहन मते द्वारा विधानसभा में उठाया गया। चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक नाना पटोले, विनोद तावड़े तथा भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने भी इस विषय पर सवाल उठाए। विधायक मते ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में आर्थिक अनियमितताओं के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक स्तर पर कई गंभीर खामियां मौजूद हैं।

मंत्री मुश्रीफ ने सदन को बताया कि डॉ. गजनभिये के खिलाफ प्राप्त सभी शिकायतों की बारीकी से जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में और शिकायतें सामने आती हैं, तो उन्हें भी जांच के दायरे में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नेत्र रोग विभाग की इमारत को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि उसके स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। यदि ऑडिट में इमारत असुरक्षित या जर्जर पाई जाती है, तो नई इमारत के निर्माण पर विचार किया जाएगा।

मंत्री ने यह भी बताया कि नागपुर मेडिकल कॉलेज में एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, कैथलैब, किडनी एवं लीवर प्रत्यारोपण, कोक्लियर इम्प्लांट, मिल्क बैंक और नवजात शिशु चिकित्सा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक है और यहां की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुश्रीफ ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की ठोस शिकायत या विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी सामने आती है, तो उसकी भी गंभीरता से जांच कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

You may also like

Leave a Comment