क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद का पार्थिव शरीर अलीगढ़ पहुंचा। परिजन ओजोन सिटी आवास पर शोक में डूबे। मिलने जुलने वाले और रिंकू के प्रशंसक उनके पिता के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। रिंकू सिंह के पिता खानचंद पंचतत्व में विलीन हो गए।
बताया जा रहा है कि जब रिंकू सिंह के दिवंगत पिता ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती थे, तब सपा सांसद प्रिया सरोज वहां पर पूरे समय रहीं। देहांत के बाद जब शव अलीगढ़ लाया गया, तब प्रिया सरोज भी अलीगढ़ आईं। शादी से पहले ससुराल में न आने के कारण वह ओजोन सिटी स्थित रिंकू सिंह के आवास में नहीं आईं। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने 8 जून 2025 को सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई की थी।
शंकर विहार स्थित मोक्ष धाम में होगा अंतिम संस्कार
रिंकू सिंह के पिता खानचंद के पार्थिव शरीर को अलीगढ़ के शंकर विहार स्थित रोटरी शिशु मोक्ष धाम में ले जाया गया है, यहां पर अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही हैं। अंत्येष्टि स्थल पर अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी ऋषिपाल सिंह आदि अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
पंचतत्व में विलीन हुए रिंकू सिंह के पिता
अलीगढ़ के शंकर विहार स्थित रोटरी शिशु मोक्ष धाम में क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बड़े बेटी सोनू सिंह ने मुखाग्नि दी। वह पंचतत्व में विलीन हो गए। अंतिम संस्कार प्रकिया पूरे विधि-विधान से हुआ। जिसमें रिंकू सिंह और उनके भाई ने पिता को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में राजनेता, समाजसेवी, व्यापारी, खिलाड़ी आदि मौजूद रहे।


