Awaaz India Tv

AI समिट में प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार

AI समिट में प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस सिलसिले में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

नई दिल्ली। भारत मंडपम में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कल से उससे लंबी पूछताछ के बाद अंततः गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करने के बाद पूछताछ के पुलिस रिमांड ले सकती है।

जांच में पता चला कि प्रदर्शन की साजिश रचने में उदय भानु भी शामिल था इसलिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक इस मामले में 8 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। तीन – चार अन्य को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।

IYC चीफ उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर BJP के नेशनल स्पोक्सपर्सन शहजाद पूनावाला ने कहा कि, कांग्रेस के अलायंस पार्टनर भी यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट के सपोर्ट में नहीं बोल रहे हैं, यह बहुत ही बेशर्मी वाली हरकत थी। AI समिट में जो हुआ वह सिर्फ चार या पांच लोगों का काम नहीं था, इसमें राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सीनियर लीडर शामिल थे।

20 फरवरी: भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस ने हंगामा किया

20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए थे। इसमें 10 से ज्यादा कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए थे। टी-शर्ट पर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड। गिरफ्तार लोगों ने बिहार से यूथ कांग्रेस के नेशनल सेक्रेटरी कृष्ण हरि, बिहार में IYC स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश में IYC स्टेट प्रेसिडेंट अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।

पुलिस बोली- प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था

दिल्ली पुलिस अधिकारी आईपीएस देवेश कुमार महला ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे घटी। प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया और क्यूआर कोड स्कैन करके समिट हॉल में एंट्री की। उन्होंने ऊपर स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और अंदर टी-शर्ट। हॉल नंबर 5 के पास उन्होंने अपने स्वेटर और जैकेट उतार दिए और टी-शर्ट लहराते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं पर पुलिस के साथ झड़प करने का भी आरोप है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले काले रंग के छाते पर स्टिकर चिपकाकर भारत मंडपम में घुसने की योजना बनाई थी। फिर उन्हें एहसास हुआ कि गेट पर जांच के दौरान काले छाते पकड़े जाएंगे। इसलिए उन्होंने टी-शर्ट पर स्टिकर चिपका दिए। स्टिकर कहां छपवाए गए थे, यह पता लगाने के लिए जांच जारी है।

IYC महासचिव बोले- प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, देश विरोधी नहीं

इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने AI इम्पैक्ट समिट विवाद पर कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को देश विरोधी नहीं कहा जा सकता। यह वही तरीका है, जैसा अंग्रेजों के शासन में होता था। उन्होंने कहा कि हमारे कुछ नेताओं ने AI समिट में शांतिपूर्ण विरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार और भाजपा इसे ‘एंटी-इंडिया’ बताने का प्रचार कर रही है। क्या सरकार के खिलाफ हर आवाज को ‘एंटी-इंडिया’ बताकर असली मुद्दों से बचा जा सकता है?

उन्होंने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान कई राज्यों में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नेताओं को हिरासत में लिया गया। ओझा ने कहा कि सरकार हर विरोध की आवाज को दबाना चाहती है। सरकार का विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है, यह देश विरोधी नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *