दिल्ली में एक कार के अंदर 3 लाशें संदिग्ध हालत में मिली हैं। इन तीन लाशों में एक लाश महिला तो दो पुरुषों की है। संदिग्ध शव मिलने का मामला दिल्ली के पश्चिम विहार के पास पीरागढ़ी क्षेत्र में सामने आया है।परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है
नई दिल्ली: दिल्ली में एक कार के अंदर 3 लाशें संदिग्ध हालत में मिली हैं। इन तीन लाशों में एक लाश महिला तो दो पुरुषों की है। संदिग्ध शव मिलने का मामला दिल्ली के पश्चिम विहार के पास पीरागढ़ी क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, लाशों की पहचान कर ली गई है और अब तक किसी हमले या हत्या के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस जहां इसे आत्महत्या के चश्मे से देख रही है, वहीं परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
अब तक नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लाशों पर चोट के कोई निशान नहीं हैं, और शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह आत्महत्या का मामला है। DCP आउटर डिस्ट्रिक्ट सचिन शर्मा के मुताबिक हमें एक कॉल आया था कि यहां एक कार में कुछ लोगों की मौत हो गई होगी। जब हम वहां पहुंचे तो हमें कुल तीन लोग मरे हुए मिले। उनकी पहचान हो गई है। उनमें दो पुरुष और एक महिला हैं। अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
जहर पीकर जान देने का लग रहा केस
DCP सचिन शर्मा ने न्यूज एजेंसी को बताया कि एक महिला और एक पुरुष की उम्र 40 साल के करीब है, जबकि दूसरे पुरुष की उम्र 70 साल के आसपास है। सभी की पहचान कर ली गई है। ऐसा लग रहा है कि तीनों ने अपनी जान कोई पेय पदार्थ पीकर ली है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
परिजनों ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया
कार में संदिग्ध हालत में तीनों की मौत हुई है और मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में एक महिला और दो पुरुषों के शव मिले हैं। जिन लोगों के शव मिले, उनकी पहचान रणधीर सिंह (60 वर्ष), लक्ष्मी सिंह (40 वर्ष) और शिव नारायण (46 वर्ष) के रूप में हुई है।पुलिस को शवों पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं, इसलिए वे इसे सुसाइड का मामला मान रहे हैं. हालांकि, शिव नरेश के भाई राम नरेश ने हत्या की आशंका जताई है पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सके.


