Awaaz India Tv

पर्यटकों को दिल्ली की सैर करने के लिए “भारत टैक्सी” सेवा हुई लॉन्च

पर्यटकों को दिल्ली की सैर करने के लिए “भारत टैक्सी” सेवा हुई लॉन्च

दिल्ली आने वाले पर्यटकों के लिए टैक्सी के जरिए घूमने-फिरने के खास पैकेज भी शुरू किए जाएंगे। इनमें दो घंटे, चार घंटे और पूरे दिन के दर्शनीय स्थल भ्रमण के विकल्प होंगे, जिनमें दिल्ली और आस-पास के प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल रहेंगे।

नई दिल्ली: दिल्ली देश का पहला राज्य बन गई है, जिसने सहकारी मोबिलिटी प्लैटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ के साथ औपचारिक साझेदारी की है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को ही औपचारिक रूप से ‘भारत टैक्सी’ सेवा लॉन्च की थी, जिसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) ने भारत टैक्सी की सहकारी इकाई सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) के साथ एमओयू पर साइन किए।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, DTTDC के प्रबंध निदेशक सुनील अंचिपाका और महाप्रबंधक डी. कार्तिकेयन भी मौजूद रहे। STCL की ओर से वाइस चेयरमैन रोहित गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल हिमांशु और ऑपरेशंस एंड कम्युनिटी एंगेजमेंट की कार्यकारी आरुषि कौल मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य दिल्ली में सहकारी मॉडल के तहत आधुनिक और भरोसेमंद टैक्सी सेवाओं को मजबूत करना है। साथ ही परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ ऐसे मॉडल को आगे बढ़ाना है, जिसमें तकनीक के साथ-साथ मानवीय गरिमा और आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। सहकारी टैक्सी मॉडल इसी सोच को जमीन पर उतारता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साझेदारी के तहत DTTDC पर्यटन और ब्रांडिंग पार्टनर की भूमिका निभाएगा। चूंकि टैक्सी चालक पर्यटकों के लिए शहर का पहला परिचय होते हैं, उसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें सॉफ्ट स्किल्स, दिल्ली की संस्कृति, इतिहास और विरासत से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षित हुए ड्राइवर दिल्ली पर्यटन के ‘ब्रैंड एम्बेसडर’ के रूप में काम करेंगे। वहीं, STCL अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सहकारी ड्राइवर नेटवर्क के जरिए तकनीकी रूप से सक्षम और सुरक्षित टैक्सी सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे रोजमर्रा के यात्रियों और पर्यटकों को व्यवस्थित और भरोसेमंद सेवा मिलेगी।
समझौते के तहत दिल्ली आने वाले पर्यटकों के लिए टैक्सी के जरिए घूमने-फिरने के खास पैकेज भी शुरू किए जाएंगे। इनमें दो घंटे, चार घंटे और पूरे दिन के दर्शनीय स्थल भ्रमण के विकल्प होंगे, जिनमें दिल्ली और आस-पास के प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल रहेंगे।

इसके अलावा शहर के भीतर एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए पॉइंट-टु-पॉइंट टैक्सी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लास्टमाइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मोबाइल ऐप और तकनीक के जरिए आसान बुकिंग, साफ-सुथरी और पारदर्शी किराया व्यवस्था और तय सेवा मानकों से दिल्लीवासियों और पर्यटकों का यात्रा अनुभव बेहतर होगा। वहीं टैक्सी चालकों के लिए भी सम्मानजनक काम के साथ-साथ स्थिर इनकम और भविष्य की आर्थिक सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *