Awaaz India Tv

इंडोनेशिया में मिली दुनिया की सबसे पुरानी रॉक आर्ट, गुफा के अंदर 67800 साल पहले कैसे पहुंचे इंसान

इंडोनेशिया में मिली दुनिया की सबसे पुरानी रॉक आर्ट, गुफा के अंदर 67800 साल पहले कैसे पहुंचे इंसान

इंडोनेशिया में पुरातत्वविदों ने दुनिया की सबसे पुरानी रॉक आर्ट की खोज की है। यहां एक गुफा में करीब 68000 साल पुरानी हाथ से बनाई कलाकृतियां मिली हैं। यह खोज इंसान के शुरुआती माइग्रेशन के रहस्य के बारे में जानकारी दे सकती है।

जकार्ता: इंडोनेशिया के सुलावेसी के तट पर एक गुफा में पुरातत्वविदों ने ऐसी खोज की है जो इंसान के हजारों साल पुराने रहस्य से पर्दा हटा सकती है। ऑर्कियोलॉजिस्ट की टीम ने एक चूना पत्थर की गुफा की दीवार पर इंसानों की बनाई रॉक ऑर्ट खोजी है। इसे अब तक खोजी गई सबसे पुरानी रॉक ऑर्ट माना गया है। पुरातत्वविदों ने बताया है कि इससे पता चलता है कि इंसान पहली बार ऑस्ट्रेलिया कैसे माइग्रेट हुए थे। इंडोनेशियाई और ऑस्ट्रेलियाई पुरातत्वविदों की एक टीम की स्टडी को नेचर जर्नल में प्रकाशित किया गया है। इसमें कहा गया है कि गुफा में खोजी गई यह कला कम से कम 67,800 साल पुरानी है।

नुकीली उंगलियों वाले हाथ से बने लाल स्टेंसिल से हजारों साल पहले इस क्षेत्र में इंसानों के शुरुआती माइग्रेशन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। स्टडी के सह-लेखक और ऑस्ट्रेलिया की ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के पुरातत्वविद मैक्सिम ऑबर्ट ने कहा कि हम इंडोनेशिया में जो देख रहे हैं वह एक बहुत गहरी और पुरानी सांस्कृतिक परंपरा का धीरे-धीरे खुलासा है जो हाल तक हमारे लिए अदृश्य थी।

हजारों साल पहले पहुंचे थे इंसान
उन्होंने कहा कि हम लंबे समय से यहां काम कर रहे हैं। इस बार टीम ने सुलावेसी प्रांत में मूना द्वीप की गुफाओं में जाने का फैसला किया। ग्रिफिथ ने बताया कि वहां मिली रॉक ऑर्ट की मात्रा और उसकी उम्र ये बताती है कि यह कोई मामूली या अस्थायी जगह नहीं थी। यह एक सांस्कृतिक केंद्र था, जहां शुरुआती इंसान रहते थे, यात्रा करते थे और हजारों साल तक कला के माध्यम से अपने विचारों को प्रकट करते थे।

हाथ से बनाई रॉक आर्ट की खोज
उन्होंने बताया कि शोधकर्ताओं को स्टेंसिल वाले हाथों के निशान मिले, जिन्हें शायद लाल गेरू का इस्तेमाल करके बनाया गया था। एक हाथ की उंगलियों को इस तरह बनाया गया था ताकि वे पंजों की तरह नुकीली हो जाएं। रॉक पेंटिंग की यह स्टाइल सिर्फ सुलावेसी में देखी गई है। स्टडी में कहा गया है कि यह स्टेंसिल स्पेन की गुफा में मिले हाथ के स्टेंसिल से हजार से भी ज्यादा पुराना है।

हाल के वर्षों में इंडोनेशिया का सुलावेसी और बोर्नियो क्षेत्र शुरुआती इंसानी माइग्रेशन को समझने के लिए महत्वपूर्ण जगह बनकर उभरा है। कई गुफाओं की पेंटिंग्स दशकों पहले खोजी गई थीं, लेकिन डेटिंग तकनीक में विकास की वजह से वैज्ञानिकों को अब उनकी सही उम्र पता चल रही है। इनकी न्यूनतम उम्र 40000 साल से ज्यादा है और 51000 साल से भी आगे तक जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *