भारतीय चयनकर्ताओं ने आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया. वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी-20 और फिर इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी-20 सीरीज के लिए भी मौका दिया गया है. इसके अलावा जापान में होने वाले 2026 एशियाई गेम्स और श्रीलंका में खेले जाने वाले इंडिया ए के दो बहुदिवसीय मैचों के लिए भी टीम की घोषणा की गई.
नई दिल्ली: आज भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ चुका है. महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में चुन लिया गया. जिस उम्र में बच्चे पीठ पर बैग टांगकर स्कूल जाते हैं, उस उम्र में ‘बिहार का ये लाल’ भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने के लिए तैयार है.
सचिन तेंदुलकर को जब 1989 में टीम इंडिया से पहली बार खेलने का मौका मिला था, तब उनकी उम्र 16 साल 205 दिन थी. यानी वैभव जब 26 जून को अपना पहला मैच खेलेंगे तब वह सिर्फ 15 साल 180 दिन के ही होंगे, जो कीर्तिमान है. चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा के दौरान कहा:
वैभव के प्रदर्शन ने हमें लगभग मजबूर कर दिया कि हम उसे चुनें. मैं जानता हूं कि वह युवा है, लेकिन लगातार दो आईपीएल और अंडर-19 स्तर पर उसके प्रदर्शन को देखते हुए… हम सभी उसकी प्रतिभा को देख सकते हैं. हमें उम्मीद है कि जब भी उसे मौका मिलेगा, वह यही क्षमता दिखाएगा. आगे और भी कठिन चुनौतियां होंगी, लेकिन उसने शानदार क्षमता और धैर्य दिखाया है. हम सभी उसकी तरह ही आशावान हैं, उसने अपने प्रदर्शन के दम पर खुद को टीम में शामिल किया है.
सचिन को 16 साल की उम्र में मिला था पहला मौका
सचिन ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में किया था, वो एक टेस्ट मैच था, जिसमें छोटे से सचिन का सामना वसीम अकरम, वकार युनिस, इमरान खान की पेस तिकड़ी से था. तब सचिन बेखौफ जरूर थे, लेकिन कई दिग्गज कह चुके हैं कि वैभव सूर्यवंशी का लेवल अलग है. खुद सचिन भी इस वंडर किड की तारीफ कर चुके हैं.
आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर खटखटाया दरवाजा
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपने बल्ले से तूफान मचा दिया था, उन्होंने 776 रन 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बनाकर चयनकर्ताओं को मजबूर कर दिया कि उन्हें टीम इंडिया में सिलेक्ट किया ही जाए. वैभव ने एक शतक लगाया और तीन बार नर्वस नाइंटीज का शिकार भी हुए. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार बना दिया है. हालांकि, नेशनल टीम में एंट्री से पहले वह 9 से 21 जून तक श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया-ए की ओर से खेलेंगे, जिसमें अफगानिस्तान की टीम भी हिस्सा लेगी.
किस दिन भारत के लिए पहला मैच खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी?
भारत को 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेलने हैं, जिसके बाद 1 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी-20 सीरीज होगी. एशियन गेम्स 19 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच खेला जाएगा. इतना तो तय है कि वैभव सूर्यवंशी जब टीम इंडिया से खेलने उतरेंगे तो वर्ल्ड क्रिकेट के कई रिकॉर्ड धराशायी हो जाएंगे.