मुंबई: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने महाराष्ट्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान की समय-सीमा बढ़ा दी है। राज्य के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियों के कारण मतदाता सत्यापन का कार्य प्रभावित हुआ, जिसके बाद महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के अनुरोध पर आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
अब एसआईआर अभियान 29 जुलाई के बजाय 8 अगस्त 2026 तक चलेगा। इसके साथ ही मसौदा (ड्राफ्ट) मतदाता सूची 5 अगस्त के बजाय 17 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को जारी होगी।
बारिश के कारण बदला गया कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग के अनुसार, कोंकण, मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने और आवश्यक दस्तावेज एकत्र करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी वजह से राज्य सरकार और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समय बढ़ाने का प्रस्ताव आयोग को भेजा था, जिसे मंजूरी दे दी गई।
8 अगस्त तक चलेगा घर-घर सत्यापन
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारी 8 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के तर्कसंगत पुनर्गठन (Rationalisation of Polling Stations) का कार्य भी पूरा किया जाएगा।
यह रहेगा नया शेड्यूल
- 8 अगस्त 2026: घर-घर सत्यापन और मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का कार्य पूरा होगा।
- 17 अगस्त 2026: ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
- 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि।
- 17 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026: दावे और आपत्तियों की सुनवाई एवं निपटारा।
- 19 अक्टूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।
राजनीतिक दलों और जनता को दी जाएगी जानकारी
निर्वाचन आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित कार्यक्रम की लिखित जानकारी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही समाचार माध्यमों, सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए आम मतदाताओं तक भी नई समय-सीमा की व्यापक जानकारी पहुंचाई जाए।
पहले क्या था कार्यक्रम?
पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार एसआईआर अभियान 30 जुलाई तक पूरा होना था। ड्राफ्ट मतदाता सूची 5 अगस्त, दावे-आपत्तियों की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर, निपटारा 3 अक्टूबर तक और अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जानी थी। लेकिन प्रतिकूल मौसम और प्रभावित सर्वे कार्य को देखते हुए चुनाव आयोग ने पूरे कार्यक्रम में बदलाव किया है।
क्या है SIR अभियान?
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) महाराष्ट्र में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए चलाया जा रहा एक व्यापक अभियान है। इस अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता के रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि मृत, स्थानांतरित या दोहरी प्रविष्टियों को हटाया जा सके और पात्र नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा जा सके।
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के जरिए राज्य के लगभग 9.86 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड का सत्यापन और अद्यतन किया जा रहा है।