Home » ओडिशा की एक और दर्दनाक कहानी, पहले बैंक, अब पुलिस स्टेशन…15KM तक साइकिल पर शव लाद पहुंचे थाना

ओडिशा की एक और दर्दनाक कहानी, पहले बैंक, अब पुलिस स्टेशन…15KM तक साइकिल पर शव लाद पहुंचे थाना

by Admin
0 comments 26 views

ओडिशा के बालासोर से मानवता को झकझोरने वाला एक और वीडियो आया है. दरअसल, जमीन विवाद में एक महिला की मौत हो गई थी, लेकिन पुलिस कुछ कार्रवाई नहीं कर रही थी. परिजन कथित पुलिस निष्क्रियता के विरोध में साइकिल पर शव को लादकर 15 किलोमीटर थाने ले गए. इस घटना वीडियो वायरल हो रहा है. इससे पहले ओडिशा से इसी तरह का एक वीडियो सामने आया था.

ओडिशा से एक बार फिर इंसानियत और प्रशासनिक संवेदनहीनता को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है. बालासोर जिले में एक परिवार को कथित पुलिस निष्क्रियता के खिलाफ विरोध जताने के लिए महिला का शव साइकिल पर लादकर करीब 15 किलोमीटर तक ले जाना पड़ा. यह मामला जमीन विवाद से जुड़ी हत्या का बताया जा रहा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार बालासोर के एक गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि यह हत्या है और उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. परिवार का कहना है कि पुलिस की उदासीनता से नाराज होकर उन्होंने महिला के शव को साइकिल पर रखा और सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गए, ताकि प्रशासन को अपनी पीड़ा दिखा सकें.
वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार के सदस्य महिला के शव को साइकिल पर बांधकर कच्चे और पक्के रास्तों से गुजरते हुए थाना लेकर जा रहे हैं. रास्ते भर लोग यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए. परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो उन्हें इस तरह शव लेकर सड़कों पर नहीं निकलना पड़ता.

घटना ने एक बार फिर ओडिशा में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और गरीब परिवारों की मजबूरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब राज्य से ऐसी दर्दनाक तस्वीर सामने आई हो. पिछले दिनों भी ओडिशा का एक वीडियो पूरे देश में चर्चा का विषय बना था, जिसमें एक युवक अपनी बहन का कंकाल कब्र से निकालकर बैंक पहुंच गया था. दरअसल, युवक अपनी मृत बहन के बैंक खाते में जमा रकम निकालना चाहता था, लेकिन बैंक की औपचारिकताओं और दस्तावेजों की मांग के चलते उसे कथित तौर पर बहन के अवशेष तक लेकर जाने पड़े थे. उस घटना ने भी सिस्टम की संवेदनहीनता पर बड़ा सवाल खड़ा किया था.

अब बालासोर की यह घटना सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर प्रशासन और पुलिस व्यवस्था की आलोचना कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि गरीब और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को आज भी न्याय और सरकारी मदद पाने के लिए अमानवीय परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है.
फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू करने की बात कही है. अधिकारियों के अनुसार, महिला की मौत के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, परिवार न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है. ओडिशा से लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आखिर गरीबों और ग्रामीणों के लिए सरकारी व्यवस्था कितनी सुलभ और संवेदनशील है.

You may also like

Leave a Comment