नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 3 मई को आयोजित हुई नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की चर्चाओं के बीच रद्द कर दिया है. एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंज़ूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 3 मई को आयोजित हुई नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की चर्चाओं के बीच रद्द कर दिया है. एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंज़ूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
एनटीए ने कहा है कि इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा. नई परीक्षा की तारीख़ें और एडमिट कार्ड का शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक चैनलों पर जारी किया जाएगा. राजस्थान में दस मई को पेपर लीक से जुड़ी रिपोर्टें सामने आने के बाद यह फ़ैसला लिया गया है. मेडिकल की पढ़ाई के लिए होने वाली इस परीक्षा में क़रीब 22 लाख परीक्षार्थी बैठे थे, जिन्हें अब दोबारा परीक्षा देनी होगी. हालांकि इसके लिए कोई अतिरिक्त फ़ीस नहीं लगेगी.
नीट (यूजी) की परीक्षा रद्द होने के बाद विपक्ष ने मोदी सरकार की निंदा की है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि “यह अब कोई परीक्षा नहीं रही. नीट अब एक नीलामी बन गई है.” परीक्षा रद्द होने के बाद छात्र संगठन एनएसयूआई ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया है.
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा, “पूरे देश के विद्यार्थी सड़कों पर हैं वो मांग कर रहे हैं कि सरकार कहां है. जिन लोगों ने मेहनत से तैयारी की उनके भविष्य को पांच-पांच हज़ार रुपये में व्हाट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप में बेचा गया है.”
“मैं सरकार से मांग करता हूं कि जो दोषी हैं उनके ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई हो. इस तरह से पेपर लीक होते रहेंगे तो यह बताता है कि मोदी सरकार और एनटीए पेपर कराने में सक्षम नहीं है.” एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत सरकार ने इस मामले को पूरी जांच के लिए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपने का फ़ैसला किया है. एनटीए इस जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएगी.”
एनटीए ने बताया, “दोबारा परीक्षा देने के लिए नए सिरे से रजिस्ट्रेशन की ज़रूरत नहीं होगी और कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. पहले से जमा की गई फीस स्टूडेंट्स को वापस कर दी जाएगी और परीक्षा एनटीए के अपने संसाधनों से कराई जाएगी.” नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) परीक्षा, भारत में मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से आयोजित की जाती है.