MP में 14 अप्रैल तक प्रदेशभर में कार्यक्रम, भिंड में राज्य स्तरीय आयोजन किया जा रहा है. ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर पूरे एमपी में कार्यक्रम होंगे. जानिए सीएम ने क्या निर्देश दिए.
मध्यप्रदेश में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि बाबा साहब के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन‑जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विकासखंडों में आयोजन होंगे. इस श्रृंखला का राज्य स्तरीय कार्यक्रम भिंड जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को अपने‑अपने प्रभार वाले जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
जिला और विकासखंड स्तर पर आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि डॉ. अंबेडकर जयंती पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों के साथ‑साथ प्रत्येक विकासखंड में भी संगोष्ठी, सम्मान समारोह और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. आयोजन के माध्यम से संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के विचारों, समानता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को प्रमुखता से रखा जाएगा.