ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई को सुप्रीम लीडर चुना गया है. चीन ने इसे ईरान का ‘अंदरूनी फ़ैसला’ बताया है. इस बीच रूस की ओर से मोजतबा खामेनेई को समर्थन देने से वैश्विक कूटनीति गरमा गई है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, “हमने इस बारे में ख़बरें देखी हैं कि ईरान में नए सुप्रीम लीडर का चुनाव हो गया. यह ईरान का अपना फ़ैसला है, जो देश के संविधान के अनुसार लिया गया है.”गुओ जियाकुन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था, “नए सुप्रीम लीडर ज़्यादा समय तक नहीं टिक पाएंगे.”
जियाकुन ने कहा, “चीन किसी दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में दख़ल देने का विरोध करता है. ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए. चीन मांग करता है कि सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकी जाए, बातचीत और समझौते की ओर जल्द लौटना चाहिए. तनाव को और बढ़ाने से बचना चाहिए.”
इसके अलावा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई को बधाई दी है. साथ ही कहा है, “हम ईरान के भरोसेमंद साथी बने रहेंगे.”
मोजतबा खामेनेई को समर्थन – पुतिन ने किया ऐलान
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि रूस, ईरान का एक भरोसेमंद पार्टनर रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने ईरान के प्रति एकजुटता की भी पुष्टि की है। पुतिन का बयान तब आया है, जब ईरान अमेरिका और इजरायली हमलों का सामना कर रहा है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। मोजतबा ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों में मौत के बाद सत्ता संभाली है। हालांकि, इजरायल ने धमकी दी है कि वह ईरान के किसी भी सर्वोच्च नेता को जिंदा नहीं छोड़ेगा।
पुतिन ने मोजतबा खामेनेई को लेकर क्या कहा
नए ईरानी सुप्रीम लीडर को एक सीधे मैसेज में, पुतिन ने कहा, “रूस ईरान का एक भरोसेमंद पार्टनर रहा है और रहेगा।” रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा, “ऐसे समय में जब ईरान हथियारों से हमले का सामना कर रहा है, इस ऊंचे पद पर आपके कार्यकाल के लिए बेशक बहुत हिम्मत और लगन की जरूरत होगी।”
ट्रंप बोले- मोजतबा हमें मंजूर नहीं
पुतिन का ईरान के साथ एकजुटता का मैसेज, मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति से पहले ट्रंप के कहे गए शब्दों से बिल्कुल अलग है। एक्सियोस से बात करते हुए, ट्रंप ने कहा, “खामेनेई का बेटा मुझे मंजूर नहीं है। हम कोई ऐसा चाहते हैं जो ईरान में शांति और मेलजोल लाए।” ट्रंप ने रविवार को ABC न्यूज़ से कहा, “अगर उन्हें हमसे मंजूरी नहीं मिली, तो वे ज्यादा दिन नहीं टिक पाएंगे।” सोमवार को ट्रंप ने टाइम्स ऑफ इजरायल से कहा, “हम देखेंगे कि क्या होता है।”