‘मैं और सक्षम 3 साल से रिश्ते में थे। सक्षम दूसरी जाति का था, इसलिए मेरे पापा को हमारा यह रिश्ता पसंद नहीं था। वे मुझसे कहते थे, कोई भी दूसरा लड़का बताओ, उससे तुम्हारी शादी करवा दूंगा, लेकिन इससे नहीं होने दूंगा। पापा और मेरे भाइयों ने सक्षम को कई बार धमकी दी थी। आखिरकार उसे मार डाला।’ 19 साल की आंचल मामीडकर ये बात बताते हुए रोने लगती हैं। महाराष्ट्र के नांदेड़ में रहने वाली आंचल अनुसूचित जाति (महार) वर्तमान में बुद्धिस्ट समुदाय से आने वाले सक्षम से प्यार करती थी। आरोप है कि 27 नवंबर को आंचल के पिता और भाइयों ने सक्षम की गोली मारी और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आंचल ने सक्षम की डेडबॉडी से शादी की और अभी उसी के घर रह रही है। शादी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
आंचल पद्मशाली (बुनकर) कम्युनिटी से आती हैं। ये कम्युनिटी स्पेशल बैकवर्ड क्लास में आती है। सक्षम का परिवार बौद्ध धर्म को मानता है। आंचल जिस कमरे में मिलीं, वहां दीवार पर डॉ. अंबेडकर की फोटो लगी है। आंचल ने दावा किया कि सक्षम धर्म बदलने के लिए तैयार था, ताकि दोनों की शादी हो सके। लेकिन जाति का प्रभाव इतना गहरा था की आंचल की एक बात उसके घरवालों ने नहीं मानी. OBC परिवार होने के बावजूद इंटरकास्ट मैरिज स्वीकार नहीं हुआ और आख़िरकार एक होनहार युवा जाती की भेट चढ़ गया.

‘परिवार का आरोप सक्षम से झगड़ा हुआ, फिर दूसरी जगह ले गए’
आंचल बताती हैं, ’27 नवंबर की शाम मैं घर पर थी। फैमिली ने मुझे बताया कि मेरे भाइयों का सक्षम से झगड़ा हो गया है। सक्षम को टांके आए हैं। इसके बाद मुझे घर से दूर ले गए। रात में पुलिस आई और पापा को पकड़ लिया।’ ‘मुझे शाम से ही लग रहा था कि कुछ गलत हुआ है। मैंने देखा कि पुलिस ने पापा को हथकड़ी लगा दी है। तब मुझे यकीन हो गया कि सक्षम के साथ कुछ गलत हुआ है। मैंने सुबह अखबार पढ़ा तो पता चला कि सक्षम अब नहीं रहा।’
आंचल ने अपना घर छोड़ा, अब सक्षम का घर ठिकाना
आंचल के पिता गजानन ने लव मैरिज की थी। उसकी वाइफ जयश्री राजपूत हैं। वह पहले से शादीशुदा थी। साहिल उसके पहले पति का बेटा है। आंचल और नाबालिग बेटा गजानन के हैं।
पिता की गिरफ्तारी के बाद आंचल ने अपना घर छोड़ दिया। वो सीधे सक्षम के घर पहुंची। तब सक्षम के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। आंचल ने सक्षम के परिवार से कहा कि मैं अब अपने घर पर नहीं रहूंगी। मैंने सक्षम से प्यार किया है और अब उसकी लाश से शादी करूंगी। आंचल बताती हैं, ‘पापा और मेरे दोनों भाई धमकी दे रहे थे कि हम सक्षम को मार देंगे। सक्षम पापा की बहुत रिस्पेक्ट करता था। भाई उसके अच्छे दोस्त थे। सभी ने मिलकर उसे फुसलाया, फिर नशा करवाकर मार दिया। उसे तीन गोलियां मारीं। फिर सिर कुचल दिया।’
सक्षम की मां बोलीं- एक महीने पहले भी बेटे को धमकाया था
सक्षम और आंचल के परिवार एक-दूसरे को जानते थे। एक पुराना वीडियो भी है जिसमें सक्षम आंचल के पिता गजानन के साथ डांस करता दिख रहा है। सक्षम आंचल के घर आता-जाता था, वहीं आंचल सक्षम के घर जाती थी। इसी दौरान दोनों में प्यार हुआ। आंचल के पिता गजानन को इसकी खबर लगी तो वो भड़क गया। आंचल के मुताबिक, उन्होंने कई बार धमकी भी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, सक्षम 27 नवंबर की शाम पुरानी गंजी इलाके में दोस्तों के साथ खड़ा था। तभी उसका आंचल के नाबालिग भाई से झगड़ा हो गया। भाई ने सक्षम पर गोली चलाई, जो उसकी पसलियों में लगी। इसके बाद उसने एक टाइल सक्षम के सिर पर दे मारी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सक्षम की मां संगीता गौतम बताती हैं, ‘सक्षम और आंचल एक दूसरे को कई साल से जानते थे। वो कभी-कभी हमारे घर आया करती थी। आंचल और सक्षम फोन पर बातें करते थे। हमारी जाति अलग-अलग हैं। इस वजह से आंचल के घरवालों को बच्चों की दोस्ती पर एतराज था।’ ‘आंचल के पापा और भाइयों ने कई बार उसे जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस केस भी किया। एक महीने पहले भी उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी।’
‘27 नवंबर को शाम हमारे एक रिश्तेदार का फोन आया। उसने बताया कि आंचल के पिता और भाइयों ने सक्षम को गोली मार दी है। मैं करीब 6 बजे उस जगह पहुंची। सक्षम सड़क पर पड़ा था। उसका सिर फटा हुआ था। भेजा बाहर आ गया था। बगल में एक पत्थर पड़ा था, जिस पर खून लगा था। सक्षम के चेहरे पर गोली लगने के निशान थे। वहां बुलेट के खोखे भी पड़े थे।’
‘मेरे घरवाले जीतकर भी हार गए, सक्षम हारकर भी जीत गया’
आंचल कहती हैं, ‘भले ही सक्षम दुनिया में नहीं है, लेकिन हमारा प्यार जिंदा है। मेरे घरवाले जीतकर भी हार गए। सक्षम हारकर भी जीत गया। अब मैं उसी की होकर रहूंगी। मेरे परिवार ने कहा था कि वो जय भीम (बौद्ध) वाला है। हम हिंदू हैं, इसलिए ये शादी नहीं हो सकती। उन्होंने सक्षम से कहा था कि अगर धर्म बदल लो तो शादी करा देंगे। सक्षम इसके लिए तैयार भी था।’
सक्षम के घर रहने की बात पर आंचल बार-बार दोहराती हैैं कि मैंने कुछ भी दबाव में नहीं किया, बल्कि अपनी मर्जी से कर रही हूं। मैं बालिग हूं, इसलिए मैं अपने मन से फैसला ले सकती हूं। मैं सक्षम के घर में ही रहूंगी और सक्षम की बनकर रहूंगी। सक्षम के घरवालों ने फैसला मुझ पर छोड़ा था और मेरा फैसला है कि मैं यहीं रहूंगी।’
‘भाई ने थाने में कहा- सक्षम पर झूठा केस करा दो’
आंचल आगे बताती हैं कि 27 नवंबर की सुबह मेरा छोटा भाई मुझे लेकर इतवारा पुलिस स्टेशन गया था। उसने मुझसे कहा कि मैं सक्षम पर झूठा केस करवा दूं। आंचल आरोप लगाती हैं कि पुलिसवालों ने भाई को भड़काया कि तेरी बहन से जो प्यार करता है, उसे मारकर यहां आना। तब से उसने ठान लिया कि वो सक्षम को मारेगा। भाई ने कहा- ठीक है, आज रात तक मैं उसे मारकर यहां आऊंगा।
आंचल गुस्से में कहती हैं, मेरा सक्षम जिस तरह तड़पकर मरा है, इन्हें भी ऐसी ही मौत आनी चाहिए। आंचल कहती हैं, ‘मेरे परिवार ने मुझसे और सक्षम को भरोसा दिलाया था कि हमारी शादी करवा देंगे। हम तीन साल तक साथ रहे। मेरे भाइयों ने कहा था कि हमारी शादी करवा देंगे, उन्होंने हमें धोखा दिया। मैं सक्षम से भाइयों के जरिए नहीं मिली थी। मैं उससे इंस्टाग्राम पर जुड़ी थी।’
मेरे भाई सक्षम के साथ घूमते-फिरते थे। अच्छे से बात करते थे। साथ में खाना खाते थे। उन्होंने सक्षम को यकीन दिलाया कि सब ठीक है। हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ऐसा होगा।
आंचल के पिता अपराधी, 10 केस दर्ज, भाइयों पर 6 केस
आंचल के पिता गजानन पर इतवारा पुलिस स्टेशन में 10 केस दर्ज हैं। भाई साहिल पर 4 और नाबालिग भाई पर भी 2 केस दर्ज हैं। पिता पर मारपीट, हत्या की कोशिश, दंगा-फसाद, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज है।
आरोपी अरेस्ट, DSP बोले- हर पहलू से जांच कर रहे
FIR के के मुताबिक, सक्षम के मर्डर के बाद आरोपी रिश्तेदारों के पास परभणी के मानवत चले गए थे। गजानन और साहिल ने मर्डर की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को आरोपी बनाया है। दो आरोपी अभी फरार हैं।
इनमें आंचल की मां जयश्री ठाकुर, पिता गजानन, भाई साहिल, नाबालिग भाई के अलावा रिश्तेदार सोमेश और वेदांत शामिल हैं। सभी को अरेस्ट कर लिया गया है। नांदेड़ के डिप्टी SP प्रशांत शिंदे बताते हैं, ‘मर्डर केस की जांच तमाम पहलुओं से की जा रही है। हमने 6 आरोपियों को पकड़ लिया है।


